भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज पूरी दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वल्र्ड’ के रूप में अपनी सशक्त पहचान बना चुका है । वर्तमान में दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में ही नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद उत्पादन केंद्र, वैश्विक सप्लाई चेन पार्टनर और आर्थिक महाशक्ति के रूप में भी देख रही है । उन्होंने कहा कि भारत को ग्लोबल फार्मा हब बनाने में मध्यप्रदेश की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। मध्यप्रदेश आज हर क्षेत्र में निवेश के नये युग में प्रवेश कर आर्थिक एवं औद्योगिक विकास का नया अध्याय लिख रहा है। हेलियन कंपनी ने भारत में पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए मध्यप्रदेश के पीथमपुर को चुना है । उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भूमि सफलता की धरती भी है। मध्यप्रदेश सरकार और हेलियन कंपनी के बीच आज परस्पर विश्वास की और असीम संभावनाओं की नई शुरूआत हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारी औद्योगिक नीतियों के कारण देश – दुनिया सभी मध्यप्रदेश पर भरोसा कर रहे है । सबका यही विश्वास ही हमारी पूंजी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को पीथमपुर में स्थापित होने जा रही हेलियन ग्रुप की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के भूमि- पूजन समारोह ( वर्चुअल ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर कंपनी की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का सांकेतिक भूमि-पूजन किया । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह नए दौर का मध्यप्रदेश है । हमारा प्रदेश अब आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश के इच्छुक सभी निवेशकों को उद्योग स्थापना से लेकर उत्पादन प्रारंभ होने तक हर स्तर पर राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। बताया गया कि हेलियन ग्रुप की इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के माध्यम से करीब 1000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे ।
170 से अधिक देशों में है हेलियन कंपनी:
हेलियन विश्व की अग्रणी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनियों में से एक है। यह 170 से अधिक देशों में अपनी उपस्थिति रखती है। कंपनी ओरल हेल्थ, डाइजेस्टिव हेल्थ, पेन रिलीफ एंड रेस्पिरेटरी (पीआरएस) और विटामिन्स, मिनरल्स एंड सप्लीमेंट्स जैसे प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाली इस कंपनी की अत्याधुनिक उत्पादन इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी । यहां निर्मित उत्पाद भारत की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के अनेक देशों तक निर्यात किए जाएंगे। इस परियोजना से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.




