मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने कारगिल के वीरों को किया नमन

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने देश की रक्षा क्षमताओं में हो रही प्रगति, आत्मनिर्भर भारत अभियान और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कारगिल की दुर्गम चोटियों, प्रतिकूल मौसम और दुश्मन की चुनौती के बावजूद भारतीय जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देता है और यह दिन देश के उन वीर सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कारगिल के वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष ‘शौर्य यात्रा’ का भी आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में जल संरक्षण अभियान ‘कैच द रेन’ की भी सराहना की।

फिजिक्स ऑलंपियाड का किया जिक्र:
पीएम मोदी ने फिजिक्स ऑलंपियाड का जिक्र करते हुए कहा कि फिजिक्स ऑलंपियाड में हमारे सभी पांच छात्रों ने गोल्ड मेडल जीता और भारत ने पहली रैंक हासिल की। पिछले एक दशक में आयोजित हर फिजिक्स ऑलंपियाड में हमारे देश के छात्रों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जरूर जीते हैं। उन्होंने कहा कि केमिस्ट्री ऑलंपियाड में भी हमारे सभी छात्रों ने गोल्ड मेडल जीते। यह अब तक की बेस्ट परफॉर्मेंस रही है। पीएम मोदी ने कहा बायोलॉजी ऑलंपियाड में भी हमारे सभी छात्रों ने मेडल जीते, इनमें एक गोल्ड मेडल भी शामिल है।

पीवी सिंधु का किया जिक्र:
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में कहा, हमारे युवाओं ने हाल के दिनों में स्पोट्र्स में कई शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, पीवी सिंधु बैडमिंटन में जापान ऑपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि पर संपूर्ण देश को गर्व है। उन्होंने कहा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी लंदन में लॉड्र्स स्टेडियम में अपना पहला टेस्ट मैच जीता है, जो कि एक ऐतिहासिक जीत है।

पीएम ने सीधी में बने 1500 तालाबों-नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में कैच द रेन अभियान पर चर्चा के दौरान प्रदेश के सीधी और नरसिंहपुर में जलसंरक्षण के लिए हुए कार्यो का उल्लेख किया तथा राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले में लगभग 1500 तालाब बनाए गए है, नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों को संवारा गया है। उन्होंने कहा कि बारिश कि हर बूंद को सहेजने के अभियान को जन आंदोलन बनाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपने आस-पास तालाब, कुएं या बावड़ी की जिम्मेदारी लेने और पानी की हर बूंद बचाने के अभियान में साथ आने का आव्हान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज बचाई गई हर बूंद, आने वाली पीढिय़ों के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले की पर्यटन और धार्मिक नगरी ओरछा में कंचना घाट पर प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायन सिंह कुशवाह तथा जनप्रतिनिधि और स्थानीयजन उपस्थित थे।