भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, युवा, नारी और किसानों के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य कर रही है। सबका कल्याण ही राज्य सरकार का उद्देश्य है। इसी भाव से राज्य में समान नागरिक संहिता 2026 पारित हुई है। माताओं-बहनों और बेटियों को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। किसान कल्याण, राज्य सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष 14 लाख किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जित किया गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक ले जाना राज्य सरकार का लक्ष्य है।
प्रमुख घोषणाएं:
निवाड़ी में विधि महाविद्यालय और एमबीए महाविद्यालय खोला जाएगा। प्रदेश की हर नगर पंचायत में गीता भवन बनाए जायेगे। निवाड़ी में सर्वसुविधायुक्त नवीन बस स्टेण्ड बनेगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम सहायता बस सेवा शुरू होगी। तरीचरकला में गौशाला बनायी जाएगी। कनरे नदी पर जनौली चंदावनी के बीच पुल बनवाया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, नगर परिषद अध्यक्ष निवाड़ी श्री गुलाब अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।




