राहुल गांधी ने छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग को लेकर गृह मंत्री शाह को लिख पत्र

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए पूछा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश किसने दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा, कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का मूल अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी शिकायतों का संवाद के माध्यम से समाधान करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर अंधाधुंध लाठीचार्ज किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी दुव्यवहार की घटनाएं सामने आईं। पत्र में राहुल गांधी ने मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों का हवाला देते हुए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पेलेट गन के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए।