सीएम के काफिले में शामिल इलेक्ट्रिक कार, सादगी का सन्देश बार-बार, MP-02-VB-2047, बचत और पर्यावरण का पर्याय

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार को शामिल किया है । विकसित भारत – 2047 के संदेश वाली यह ई-कार हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भरता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले में अब अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया गया है। इसके साथ ही वे प्रदेश के उन चुनिंदा मुख्यमंत्रियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने सरकारी उपयोग में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री के लिए हाल ही में नई इलेक्ट्रिक एसयूवी उपलब्ध कराई गई है, जिसका उपयोग वे सरकारी कार्यक्रमों और आवागमन के दौरान करेंगे। यह वाहन एक बार चार्ज होने पर 500 किमी लंबी दूरी तय करने में सक्षम है, जिससे ईंधन की खपत में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को बल मिलेगा। मुख्यमंत्री के काफिले में अब महिंद्रा कंपनी की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार शामिल की गई है। कंपनी के दावे के मुताबिक यह कार एक बार चार्ज करने पर 500 किमी का सफर तय करती है। सीएम यादव इस ईवी से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर भोपाल तक गए सीएम मोहन यादव की नई कार को MP-02-VB-2047 नंबर मिला है। इस नंबर में VB का अर्थ विकसित भारत से लगाया जा रहा है। जबकि, 2047 को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है। कार में 360 डिग्री कैमरा सहित सारी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इस कार से सफर करके मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

पर्यावरण संरक्षण पर भी है फोकस:
सीएम मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को लेकर काफी संवेदनशील हैं। इन दोनों के लिए वे नई-नई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अलग-अलग जगह गिद्धों और मगरमच्छों को छोड़ा। उनका मानना है कि कोई भी विकास बिना पर्यावरण संरक्षण के अधूरा है। वे मानते हैं कि सौर ऊर्जा से उत्पन्न विकल्प देश-दुनिया को विकास का नया मार्ग दिखा सकते हैं।