नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है । कुवैत में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बुधवार को कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया। घटना के बाद भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगोने कुवैत आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 4 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 यात्री भवन को ड्रोन ने निशाना बनाया।
इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी:
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। एयरलाइन ने कहा, हम समझते हैं कि इससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी और इसके लिए हमें खेद है, लेकिन हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।एयरलाइन ने बताया कि वह क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित विमानन प्राधिकरणों के संपर्क में है। सुरक्षित परिस्थितियां बनने और संचालन के लिए सुरक्षित हवाई मार्ग उपलब्ध होने पर सेवाएं फिर शुरू की जाएंगी।




