देशभर में 1 जून से चलेगा ‘खेत बचाओ अभियान’, कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने की तैयारियों की समीक्षा

0

नई दिल्ली: किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 1 जून से 30 जून 2026 तक देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू करने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि खेतों और मिट्टी को बचाने का जन आंदोलन होगा। दिल्ली में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कम खाद, सही खाद और सही सलाह के सिद्धांत को किसानों तक पहुंचाना है। इसके तहत रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग को कम करने, मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा जैविक एवं जैव-उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम) को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान पंचायत स्तर से संचालित होगा और इसमें पंचायतों, कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), राज्य सरकारों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम गांवों की जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संचालित किया जाएगा।