आईएसआई के आठ आतंकी अरेस्ट, विस्फोटक बरामद

0

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (विशेष प्रकोष्ठ) ने दिल्ली, मुंबई, पंजाब व चंडीगढ़ में बड़ी हमलों की साजिश को नाकाम कर दिया है। स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, पाक – मुंबई अंडरवर्लड – पाकिस्तान गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी माड्यूल का पर्दाफाश करते हुए आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है । ये मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी, मुन्ना झिंगाड़ा और यावर खान के इशारे पर काम कर रहे थे । इस मॉड्यूल का नेटवर्क पूरे देश में फैल चुका था । पाक आईएसआई – मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क ने दिल्ली और अन्य शहरों में महत्वपूर्ण ठिकानों, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और पुलिस कर्मियों पर ग्रेनेड हमले, टॉरगेट किलिंग और गोलीबारी कर बड़ी आतंकी हमले करने की साजिश थी। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) अनिल शुक्ला ने बताया कि दिल्ली से गिरफ्तार किए गए तीन गुर्गों के पास से पाकिस्तान में बने चार हैंड ग्रेनेड, दो ग्लॉक पिस्तौल और 24 कारतूस बरामद किए गए हैं। विशेष पुलिस आयुक्त शुक्ला ने बताया कि सेल के नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी की देखरेख में एसीपी विवेक कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर सुनील राजैन और इंस्पेक्टर धीरज महलावत की टीम ने इस पाक आईएसआई – मुंबई अंडरवर्ल्ड और शहजाद भट्टी के एक अंतरराष्ट्रीय और अंतर – राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों के खिलाफ स्पेशल सेल, नई दिल्ली पुलिस स्टेशन द्वारा बीएनएस और यूएपीए की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई हैं । विशेष पुलिस उपायुक्त ने बताया कि खुफिया इनपुट, तकनीकी विश्लेषण तथा मानवीय स्रोतों से मिली मिली जानकारी के बाद आरोपी यूपी निवासी विजय उर्फ शूटर को 14 मई को पुणे से गिरफ्तार किया गया। उसके साथी नीतीश को 17 मई को साहिबगंज, झारखंड से गिरफ्तार किया गया। विजय से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 27 मई को मुंबई से तौकीर और अरबाज को गिरफ्तार किया गया। मुंबई स्थित आरोपियों से पूछताछ के बाद पंजाब से एक और समूह, उन्हीं हैंडलरों के इशारे पर, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा कर्मियों पर हमले करने के लिए दिल्ली आ रहा है । तीनों आरोपी हरविंदर सिंह, गगनदीप सिंह और मनजीत सिंह 30 मई को लगभग 01:00 बजे महरौली-बदरपुर रोड से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। तीनों ही पंजाब के रहने वाले हैं। इससे पूछताछ के बाद पंजाब के तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद एक नेपाली नागरिक अंग कामी लामा को गिरफ्तार किया गया। उसे मुन्ना झिंगाड़ा के निर्देश पर दिल्ली में आरोपियों के लिए छिपने की जगह का इंतज़ाम करने और उनकी गतिविधियों के लिए पैसे मुहैया कराने का काम सौंपा गया था। विजय, पाकिस्तान और दुबई से संचालित हो रहे शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्यों के साथ नियमित संपर्क में था। विजय को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में विभिन्न आपराधिक और आतंकी गतिविधियां अंजाम देने का काम सौंपा गया था । उसे दिल्ली- एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए युवाओं की भर्ती करने का काम भी सौंपा गया था। ।