समय सीमा से पहले नक्सलवाद की समाप्ति में सफलता

0

रायपुर (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सम्पन्न मध्य क्षेत्रीय बैठक में प्रदेश में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और सुशासन के प्रयासों की जानकारी दी । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में सहभागिता करते हुए सहकारिता, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, शहरी विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, डिजिटल अधोसंरचना विकास, दूध उत्पादन आदि क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की प्रगति की जानकारी साझा की गई । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले नक्सल समस्या का उन्मूलन करने में सफलता प्राप्त की है । प्रदेश में नक्सलवाद से प्रभावित जिलों में विशेष प्रयासों से सफलता प्राप्त की गई । जहां अनेक इनामी नक्सलवादियों ने समर्पण किया वहीं अनेक नक्सल तत्वों का सफाया भी किया गया। जवानों और सुरक्षा बलों को आवश्यक प्रोत्साहन भी दिया गया । नागरिकों के मन में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। बैठक में नक्सल मुक्त भारत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संपूर्ण प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रदेश में नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों के विकास के लिए नए लक्ष्य तय किए गए हैं ।

मां दंतेश्वरी के दर्शन:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक के पश्चात दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन किए और सर्वकल्याण के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दर्शन और पूजन के दौरान अनेक श्रद्धालुओं से भेंट और चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को ही दंतेवाड़ा में विज्ञान केंद्र का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विज्ञान केंद्र में प्रदर्शित विभिन्न विज्ञान प्रादर्श देखे और जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में अपनी यात्रा को सुखद बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ कभी एक थे। उन्हें पूर्व में इस अंचल में आने का सौभाग्य नहीं मिला था। मध्य क्षेत्रीय बैठक के कारण बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ विकास के सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशा के अनुसार महिला, किसान, युवा, गरीब सभी वर्गों के कल्याण के लिए दोनों राज्य निरंतर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले के प्रति मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक के आयोजन और श्रेष्ठ आतिथ्य के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।