भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने आज बड़े स्तर पर आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी प्रदेशभर में 7 अलग-अलग स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर सड़क सत्याग्रह करेगी। इस आंदोलन के जरिए कांग्रेस सरकार पर गेहूं खरीदी व्यवस्था में विफलता और किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगा रही है । पीसीसी में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों में एक साथ हाईवे जाम करने की तैयारी की है। आंदोलन का नेतृत्व वे खुद करेंगे वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इसमें सक्रिय भूमिका की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन इसका उद्देश्य सरकार तक किसानों की आवाज मजबूती से पहुंचाना है | इस आंदोलन का असर व्यापक हो सकता है। कांग्रेस के अनुसार 11 जिलों के करीब 747 किलोमीटर क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं ।कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पार्टी का कहना है कि बार- बार खरीदी की तारीख बढ़ाना और स्लॉट बुकिंग में देरी यह दिखाता है कि सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा । कांग्रेस नेताओं के मुताबिक खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में केवल 9.30 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो पाई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।




