भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। 24 घंटे में भोपाल समेत 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बैतूल में 85 किमी घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली, जो इस सीजन की सबसे तेज रही। मौसम विभाग के अनुसार अशोक नगर में 72 किमी घंटा, सीहोर में 68, गुना – शिवपुरी में 61 और भोपाल – शहडोल में 57 किमी घंटे की रफ्तार से हवा चली। विभाग ने रविवार के लिए 42 जिलों में आंधी, बारिश का अलर्ट जारी किया है । भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और रीवा में ऑरेंज अलर्ट है, जहां 50-60 किमी घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं । प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट- बारिश, ओला, आंधी के लिए तैयार रहें:
मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का मतलब तैयार रहें होता है। यह अलर्ट तब जारी किया जाता है, जब भारी बारिश, ओलावृष्टि या तेज आंधी से जनजीवन और संपत्ति के नुकसान की आशंका हो। इसका उद्देश्य प्रशासन और जनता को सचेत करना है, ताकि वे खराब मौसम के लिए सुरक्षा उपाय कर सकें।




