भोपाल:मप्र के दो टाइगर रिजर्व बांधवगढ़ और कान्हा गंभीर वायरस की जद में हैं। बांधवगढ टाइगर रिजर्व में हथिनी गायत्री की मौत के बाद अब टाइगर रिजर्व के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एंथ्रेक्स अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं कान्हा टाइगर रिजर्व में केनाइन डिस्टेम्पर वायरस से प्रभावित एक बाघिन का पूरा कुनबा खत्म होने के बाद पार्क प्रबंधन ने आसपास के गांवों के लोगों को और वन विभाग के अमले को अलर्ट कर दिया है कि वे आवारा कुत्तों को जंगल में प्रवेश न करने दें। पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं की स्थिति जानने पहुंचने लगे हैं। साथ ही पशुओं को टीका भी लगाए जाने लगे हैं। पहले दिन बांधवगढ से लगे ग्राम बिझरिया में पशु पालकों को एंथ्रेक्स टीकाकरण की जानकारी दी गई और मवेशियों को टीका लगाया गया ।




