गंगा से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला: नरेंद्र मोदी

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- जो लोग मुझे देख नहीं पाते हैं, उनसे मेरी प्रार्थना है, वे जहां वहीं से मुझे सुन लें, किसी को आगे पीछे न करें। उन्होंने कहा- जब वर्षों की साधना सिद्धी में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के भाजपा के कार्यकर्ता के चेहरे पर देख रहा हूं। पीएम मोदी ने आगे कहा- मैं कार्यकर्ता के नाते हर भाजपा कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं। आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर। भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर।इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने इसी जगह से, भाजपा मुख्यालय से आपसे कहा था कि गंगाजी बिहार से आगे बहते हुए गंगा सागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल आज मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा-एनडीए सरकार है।पीएम मोदी ने कहा- आजादी के बाद कांग्रेस ने देश के करीब करीब हर राज्य में सरकारें बनाईं। आजादी के बाद जो भाव था, उसका उन्हें लाभ मिला, लेकिन जैसे-जैसे आजादी के आंदोलन के भाव से देशा आगे निकला, वैसे वैसे कांग्रेस जनता का भरोसा खोती चली गई। बीते दशकों में देश ने युवाओं की अनेक पीढियां जोड़ी हैं। लेकिन कांग्रेस घटती चली गई है। कांग्रेस देश की संवेदनाओं को नहीं समझ पाई । कांग्रेस महत्वकांक्षा की राजनीति को जानती ही नहीं है। भाजपा के लिए भारतीयता और भारत के भाव से बड़ा कुछ नहीं है। हमारे लिए भारत सबकुछ है और भारतीयता सबकुछ है। भाजपा सिर्फ राष्ट्रीय पार्टी है ऐसा नहीं है, यह क्षेत्रीय महत्वकांक्षा से राष्ट्रीय लक्ष्य पूरा करने वाली पार्टी है। इसलिए भाजपा देश की पसंद बन रही है और जनता जनार्दन का आशीर्वाद पा रही है। भाजपा परिवार की नहीं, जमीन से जुड़ी राजनीति कर रही है। आज पूर्वोत्तर भाजपा से जुड़ता है। आज पूरा आदिवासी अंचल भाजपा को प्रचंड जनादेश दे रहा है। मछुआरों–किसानों की पसंद भाजपा है। लोकतंत्र में जनता की आकांक्षा सर्वोपरि है। तमिलनाडु की जनता ने नया प्रयोग किया है। मैं यूडीएफ को भी बधाई देता हूं। मैं इन्हें विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार इनके विकास में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।

महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा:
इस दौरान पीएम मोदी ने सपा पर भी निशाना साधा- जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण रोका है, उन्हें भी यूपी की महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा। समाजवादी पार्टी कभी भी अपने पाप को धुल नहीं पाएगी। आज हम भारत की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देख रहे हैं। आज पूरे देश में एक भी राज्य ऐसा नहीं है, जहां कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार हो। एक भी नहीं है। ये सिर्फ सियासत का बदलाव नहीं है। ये सोच का बदलाव है। ये बताता है कि विकसित भारत किस दिशा में आगे बढऩा चाहता है। आज का भारत अवसर चाहता है। विकास चाहता है। विश्वास चाहता है। आज का भारत प्रगति चाहता है। ऐसी राजनीति चाहता है जो देश को आगे बढ़ाए, लेकिन दुर्भाग्य से आज की कांग्रेस बिल्कुल विपरीत दिशा में चल पड़ी है। जब पूरा देश कम्युनिजम से किनारा कर चुका है। कांग्रेस उसी विचार धारा को अपना रही है, जिसे देश ने ठुकरा दिया है। जो माओवाद जंगलों में खत्म हो रहा है, वह कांग्रेस में अपनी जड़ें मजबूत कर चुका है। इसलिए कांग्रेस अर्बन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है। कांग्रेस को यह ध्यान रखना चाहिए कि जिस विचार को जनता ने ठुकराया, उसे जो अपनाएगा, जनता उसे भी ठुकराएगी।