सागर/भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री बनने के बाद सागर जिले की 17वीं यात्रा पर पहुंचे डॉ. मोहन यादव ने नरयावली में सौगातों की बौछार कर दी। उन्होंने 54 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से 98 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय का भी लोकार्पण किया है। सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा वार किया है । उन्होंने कांग्रेस की तुलना कौरवों से की है। सभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि यहां बहनें बड़ी संख्या में मौजूद हैं। हमारी सरकारों ने माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ाया माता का नाम लो तो भगवान प्रसन्न होते हैं। जब तक राधा नहीं बोलो तो कन्हैया मुस्कुराते नहीं हैं, जब तक सीता मां को याद न करो, तो भगवान राम का आशीर्वाद नहीं मिलता है। यह बातें हमें माताओं- बहनों के आदर का आभास कराती हैं।सीएम मोहन यादव ने कहा कि हमने 5 हजार साल पहले घटना सुनी थी कि कौरवों ने भरे दरबार में द्रौपदी का चीरहरण किया था, उसी तरह अभी कुछ दिन पहले लोकसभा में वो ही नाटक दोहराया गया । उस समय कौरव थे और अब कांग्रेसी हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहनों को अधिकार देने का जो निर्णय लिया था, कांग्रेसियों ने मुस्कुरा – मुस्कुरा कर उस निर्णय पर पानी फेर दिया। कांग्रेसियों को इस बात पर जरा दया नहीं आई । प्रधानमंत्री मोदी ने तो यहां तक कहा कि आप श्रेय ले लीजिए, मैं विज्ञापन छपवा दूंगा। तुम लोग जहां बोलोगे वहां हम तुमको श्रेय दे देंगे ।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
जरुआखेड़ा आईटीआई में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे नगरपालिका कर्रापुर में विकास कार्यों के लिए आवश्यक राशि दी जाएगी लघु सिंचाई परियोजना, जलाशय सुधार कार्य, 25 करोड़ की लागत से दो नए पुल बनाए जाएंगे 24 करोड़ रुपए की लागत से बम्होरी तिराहे से नई 4 लेन सड़क बनाई जाएगी करोनिया फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
33 फीसदी आरक्षण दिलाकर रहेंगे:
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बहनों गठान बांधकर रखना। प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि माताएं-बहनें सब भूल सकती हैं, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलेंगी। आप कांग्रेस से हिसाब जरूर लेना। आज नहीं तो कल हम माताओं-बहनों को 33 फीसदी आरक्षण दिलाकर रहेंगे।
5 रुपए में बिजली कनेक्शन देंगे:
सीएम ने कहा कि हम 5 रुपये में किसानों को बिजली का कनेक्शन देंगे। जब 2250 रुपए गेहूं का एमएसपी था, तब हमने 150 रुपए बोनस दिया। इस साल हम 2625 रुपये क्विंटल गेहूं खरीद रहे हैं। कांग्रेसियों चिंता मत करो, हमारी सरकार 2700 रुपये क्विंटल पर भी गेहूं खरीदेगी। ईरान- अमेरिका युद्ध के बीच चुनौतियां आ गईं। जूट के बोरे की जगह हम पॉलीथिन मंगाने लगे। हमारी सरकार ने फैसला किया है कि किसान का दाना-दाना खरीदेगी। उन्होंने कहा कि हम सबसे पहले छोटे किसानों से गेहूं खरीदेंगे, उसके बाद मध्यम और फिर बड़े किसानों से गेहूं खरीदेंगे। केंद्र सरकार ने अभी 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का कोटा दिया है।




