भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ जल गंगा संवर्धन अभियान’ को देशभर में अच्छी सफलता मिल रही है । जल शक्ति मंत्रालय की 22 अप्रैल की रैंकिंग में प्रदेश के डिंडोरी जिले ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि खंडवा जिला दूसरे स्थान पर रहा है। यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 19 मार्च से 30 जून 2026 तक चलाया जा रहा है । इसका मुख्य उद्देश्य वर्षा जल को बचाना और पुराने जल स्रोतों को फिर से सक्रिय करना है । प्रदेश में इस अभियान के तहत खेत तालाब कुएं रिचार्ज, अमृत सरोवर, बोरवेल रिचार्ज सिस्टम, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग और तालाबों के सुधार जैसे कई काम किए जा रहे हैं। डिंडोरी जिले में अब तक 1.23 लाख से अधिक जल संरचनाएं बनाई जा चुकी हैं, जबकि खंडवा में 87 हजार से ज्यादा संरचनाएं तैयार की गई हैं । पूरे मध्य प्रदेश में यह संख्या लगभग 3.97 लाख से अधिक पहुंच चुकी है । सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल सरकारी प्रयास नहीं बल्कि जनता की भागीदारी से चलाया जा रहा है।




