भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारत के चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उनकी आतंकवादी वाली टिप्पणी पर एक नोटिस जारी किया है । इस टिप्पणी को चुनावी नियमों का संभावित उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, किरण रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल और कई अन्य बीजेपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ से पीएम मोदी के खिलाफ खरगे की आतंकवादी टिप्पणी के बारे में शिकायत की थी। केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी नेताओं के शिकायत करने के कुछ घंटों बाद ही चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस भेजा है। चुनाव आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे से इस टिप्पणी पर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। चेन्नई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खरगे ने मंगलवार, 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा था खरगे ने बाद में इस टिप्पणी पर सफाई देते हुए स्पष्ट किया कि उनका मतलब था कि मोदी लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं । उन्होंने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने से भी इनकार किया । भाजपा ने चुनाव आयोग से कांग्रेस अध्यक्ष को इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश देने का आग्रह किया। आयोग को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत खरगे की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ उपयुक्त दंडात्मक और नियामक कार्यवाही शुरू की जाए।




