भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बेटियों और बहनों के विकास के बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। स्वतंत्रता के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार नारी सशक्तिकरण का बड़ा कार्य इसी माह होने जा रहा है। अब लोकसभा और विधानसभा में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संसद की विशेष तीन दिवसीय बैठक 16 अप्रैल से होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हमारी सरकार अब तक लाड़ली बहन योजना के माध्यम से बहनों को 55 हजार करोड़ से अधिक राशि दे चुकी है। आज आष्टा से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये अंतरित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मातृ सत्ता की व्यवस्था है। अब प्रदेश में हर माह रक्षाबंधन मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रविवार को सीहोर जिले के आष्टा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 35 वीं किश्त की राशि 1836 करोड़ रुपये हितग्राही बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आष्टा की छात्राओं के लिए आज विशेष सौगात का दिन है। मुख्यमंत्री ने कन्या महाविद्यालय और कन्या विद्यालय में छात्रावास के साथ कन्या विद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों को अच्छे से अच्छी शिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगी।
2 दिन में किसानों को 6 करोड़ 37 लाख का भुगतान:
मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी जारी है। जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय खरीदी केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को खरीदी केन्द्रों पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाये। उन्हें गेहूँ बेचने के लिये इंतजार नहीं करना पड़े। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक 7 हज़ार से अधिक किसानों से 3 लाख 6 हजार 190 क्विंटल गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। दो दिन में किसानों को 6 करोड़ 37 लाख रुपए का भुगतान भी उनके बैंक खाते में किया जा चुका है। गेहूँ का उपार्जन इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 9 अप्रैल से शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कीं ये घोषणाएं…
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आष्टा में नवीन आईटीआई की स्थापना, महाविद्यालय में कन्या छात्रावास निर्माण, नाला निर्माण, जावर में शहरी सौंदर्यीकरण, जिला स्तरीय अनुसूचित बालक-बालिका छात्रावास निर्माण और आष्टा में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नवीन भवन निर्माण, जावर महाविद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करने, गुराडिय़ा खुर्द बैराज निर्माण, दूधी नदी पर नय बैराज, नहर निर्माण, गीता भवन बनाने की घोषणा की। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से किया वादा पूरा करते हुए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 की, यह राशि आगे बढ़ती जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी देश की बहनों को राजनीतिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। बहनों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए इसी माह 16 अप्रैल से लोकसभा का सत्र आयोजित किया जाएगा।




