मुंबई (मध्य स्वर्णिम): भारतीय संगीत जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। महान गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते उनका निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, बीती रात उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया था कि आशा भोसले को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और उनके फेफड़ों में संक्रमण था। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी दादी को काफी कमजोरी महसूस हो रही है और उनका इलाज जारी है। आशा भोसले का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा, जहां उनके चाहने वाले और संगीत जगत से जुड़े लोग उन्हें अंतिम विदाई देंगे। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। आशा भोसले भारतीय संगीत की उन महान हस्तियों में से थीं, जिन्होंने अपने करियर में सात दशकों से अधिक समय तक सक्रिय रहकर संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
आशा भोसले का आज शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार:
मशहूर गायिका आशा भोसले का सोमवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 92 वर्षीय आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हुआ। शनिवार को अचानक तबीयत बिगडऩे के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले आठ दशकों से भारतीय सिनेमा में अपनी आवाज़ से सबको मंत्रमुग्ध करने वाली मशहूर गायिका आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने आज बताया कि उनकी मां और मशहूर सिंगर आशा भोसले को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके ऑर्गन काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण आज अस्पताल में ही उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी श्रद्धांजलि:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रख्यात गायिका श्रीमती आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे सुरों और संगीत की अप्रतिम साधिका थीं। उन्होंने गायन के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभा प्रदर्शित की। वे अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह बहुत योग्य और दक्ष गायिका थीं। शास्त्रीय संगीत और गायन का उन्होंने गहरा अभ्यास किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आशा भोसले ने अपने गायन करियर में कई दिग्गज कलाकारों के लिए गीत गाए। जिन भी अभिनेत्रियों के लिए उन्होंने गीत गाए उनको अपने अभिनय कैरियर में अपार सफलता मिली।




