भोपाल में स्कूल चलें हम अभियान हवा में

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार के नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ चलाया गया स्कूल चलें हम अभियान अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ता नजर आया। जिला प्रशासन ने 102 अधिकारियों एसडीएम, तहसीलदार, इंजीनियर, आरटीओ और अन्य विभागों के अफसरों की ड्यूटी स्कूलों में लगाई, लेकिन जमीनी स्तर पर यह पूरी कवायद बिखरी हुई दिखी। सबसे बड़ी चूक सूची के वितरण में सामने आई। कलेक्टर कार्यालय से 102 अधिकारियों की ड्यूटी की लिस्ट तो जारी हुई, लेकिन कई अधिकारियों तक यह पहुंची ही नहीं। ऐसे में तय कार्यक्रम के मुताबिक स्कूलों में उनकी मौजूदगी ही नहीं हो सकी। सिर्फ अधिकारी ही नहीं, कई सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपल भी इस पूरे कार्यक्रम से अनजान रहे। उन्हें यह तक नहीं पता था कि उनके स्कूल में कौन अधिकारी आने वाला है। इससे स्कूल स्तर पर कोई तैयारी ही नहीं हो पाई। शहर के चार एसडीएम से बातचीत में खुलासा हुआ कि उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं थी। एक एसडीएम ने बताया कि शनिवार सुबह लिस्ट मिली है। लेकिन वह बाहर किसी कार्यक्रम से आए हुए हैं। एक एसडीएम ने कहा शायद मेरा नाम नहीं है जबकि उनका लिस्ट में नाम मौजूद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 अप्रैल को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत की थी।