नैनीताल (मध्य स्वर्णिम): पंतनगर एयरपोर्ट पर गुलाब के फूलों के गुलदस्ते से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे पर खिली मंद- मंद मुस्कान में उनका आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। सभा खत्म होने पर राजनाथ सिंह ने भी धामी को निराश नहीं किया और भरी सभा में उनकी तारीफों के पुल बांधे। मौका था प्रदेश में बीजेपी सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरा होने का। इस उपलक्ष्य पर हल्द्वानी में एक जनसभा आयोजित की गई थी। इस सभा में उमड़ी भीड़ से गदगद राजनाथ सिंह पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में किए गए कामों की चर्चा किए बिना नहीं रहे। राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड की कमान संभालने के बाद ही विकास की बयार तेज हुई है। हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि जबसे धामी ने प्रदेश का नेतृत्व संभाला है राज्य के बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ, पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान मिली और राज्य में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने उत्तराखंड के विकास को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी बताया। पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पहाड़ की जवानी और पहाड़ के पानी , पहाड़ और देश-दोनों के काम आना चाहिए।




