यूपीएससी में डॉ. अनुज ने ऑल इंडिया टॉप करके राजस्थान का नाम रोशन किया

0

जयपुर (मध्य स्वर्णिम): संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया टॉप करके राजस्थान का नाम रोशन किया है। मेडिकल पृष्ठभूमि से आने वाले डॉ. अनुज पहले भी यूपीएससी परीक्षा पास करके दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति पा चुके हैं। चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी डॉ. अनुज अग्निहोत्री का चयन वर्ष 2023 में पहले प्रयास में ही दिल्ली एवं केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में हुआ था और उन्हें दिल्ली में एसडीएम के पद पर नियुक्ति मिली थी। उन्होंने दिसंबर, 2024 में इस पद पर जॉइन किया था। इसके बाद उन्होंने फिर से यूपीएससी परीक्षा दी और अपने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया टॉप कर लिया। दूसरे प्रयास में उन्होंने मेंस परीक्षा पास की थी, लेकिन इंटरव्यू में उनका चयन नहीं हो पाया था। अपनी सफलता पर डॉ. अनुज ने कहा कि यूपीएससी जैसी परीक्षा की तैयारी एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें कई उतार-चढ़ाव आते हैं। उन्होंने बताया कि यदि इस बार सफलता नहीं मिलती, तो वह अगले प्रयास की तैयारी कर रहे होते।

यूपीएससी में भोपाल के ईशान ने 5वीं और धार के पक्षाल को मिली 8वीं रैंक:
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में मध्य प्रदेश के दो युवाओं ने परचम लहराते हुए टॉप 10 में जगह बनाई है। भोपाल के ईशान भटनागर ने ऑल इंडिया 5वीं और धार जिले के पक्षाल सेक्रेटरी ने 8वीं रैंक हासिल कर अपने क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है। यूपीएससी द्वारा शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी किया। इसमें 958 अभ्यर्थियों ने अलग-अलग सेवाओं के लिए क्वालिफाई किया। टॉप 5 रैंक भोपाल के ईशान भटनागर को मिली, जबकि धार जिले के पक्षाल सेक्रेटरी ने 8वीं रैंक हासिल की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूपीएससी में सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि भोपाल के ईशान भटनागर और धार के पक्षल जैन का टॉप-10 में आना प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का प्रमाण है।