नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीएसएनएल के निदेशक विवेक बंजल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह कदम उनके उत्तर प्रदेश के प्रयागराज दौरे के दौरान दिए गए प्रोटोकॉल को लेकर उठे विवाद के बीच उठाया गया है। निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एक चर्चित कार्यालय आदेश के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के चलते भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनल) बोर्ड के निदेशक विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे को निरस्त किए जाने के बाद दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले की खबर है। सूत्रों के अनुसार जिन दो अधिकारियों का तबादला किया गया है उनमें जोगेश्वर वर्मा और बृजेंद्र कुमार सिंह हैं जो प्रयागराज में तैनात थे। बीएसएनल के इन अधिकारियों को संभवतः उस कार्यालय आदेश के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बंजल की 25 फरवरी से प्रयागराज की दो दिवसीय यात्रा रद्द हो गयी थी। बीएसएनएल की वेबसाइट के अनुसार, बंजल 1987 बैच के भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी हैं और उन्हें इस क्षेत्र का 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
अजब-गजब डिमांड:
विस्तृत आदेश में 6 पुरुषों और 2 महिलाओं के लिए ‘स्नान किट’ का विवरण दिया गया था। साथ ही कार्यालय आदेश में घाट पर सामान्य उपयोग के लिए एक चादर और सूखे मेवे और फलों के कटोरे, बंजल के उपयोग के लिए होटल और सर्किट हाउस में शेविंग किट, तौलिया, अंतवस्त्र, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शैम्पू, कंघी और तेल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये गये थे।




