टीकमगढ़ (मध्य स्वर्णिम): टीकमगढ़ जिले में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाना टीकमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उमिता राहुल लोधी ने 21 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। इसके अगले दिन 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की एक आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट किया गया। कमेंट में उन्हें, उनके पति एवं पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने तथा बम से उड़ाने की धमकी दी गई। उन्होंने तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि धमकी भरे कमेंट के कुछ घंटों बाद दो अज्ञात युवक उनके देहात थाना क्षेत्र स्थित बंगले के बाहर पहुंचे। बताया गया कि उसी रात करीब 11 बजे दोनों युवक चेहरा ढककर वहां आए और बंगले के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उमिता लोधी ने उन्हें अपने घर के छज्जे से देखा। आरोप है कि युवकों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दोहराई। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर अमर सिंह नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे।




