मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया मामले में फिर माफी मांगी

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने एक बार फिर कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए बयान के मामले में माफी मांगी है। सुप्रीम कोर्ट में 9 फरवरी को होने वाली सुनवाई के पहले शाह ने माफी मांगकर इस मामले के पटाक्षेप के साथ कोर्ट को अपनी भावनाओं से अवगत कराने की कोशिश की है। मंत्री शाह ने अपने फेसबुक पेज पर भी यह वीडियो अपलोड किया है। शनिवार दोपहर में इसको लेकर मीडिया को जारी बयान में शाह ने कहा कि मैंने पहले भी कई बार कहा है, मेरा ऐसा कई उद्देश्य भी नहीं था कि किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज, किसी वर्ग का अपमान। वे शब्द निस्संदेह मेरी भावना के अनुरूप नहीं थे। वे शब्द देश भक्ति के उत्साह, उत्तेजना और आवेश में निकले थे। गलती के पीछे की भावना को अवश्य देखा जाना चाहिए। आप सब जानते हैं कि मेरी कोई दुर्भावना नहीं थी। मैंने अंत:करण से क्षमा याचना की। कई बार की है आज फिर कर रहा हूं। मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है कि मेरी छोटी से त्रुटि से ऐसा विवाद उत्पन्न हुआ है। मुझे विश्वास है कि मेरी भावनाओं को सही संदर्भ में देखा जाएगा। भारतीय सेना के प्रति मेरे मन में सदैव सम्मान रहा है और रहेगा। सार्वजनिक जीवन में रहते हुए ऐसे शब्दों की मर्यादा, संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।