51 नक्सलियों का सरेंडर, 1.61 करोड़ का था इनाम

0

बीजापुर/सुकमा (मध्य स्वर्णिम): छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और बस्तर जिले में शनिवार को कुल 1.61 करोड़ रुपये के इनामी 51 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। नक्सलवाद को खत्म करने की 31 मार्च, 2026 की समय सीमा नजदीक आने के साथ छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या लगभग 300 हो गई है। यह आत्मसमर्पण ऐसे समय हुआ जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम 2026’ उत्सव का उद्घाटन किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 34 महिलाएं शामिल हैं। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि बस्तर पुलिस की ‘पूना मारगेम पुनर्वास पहल’ के तहत बीजापुर जिले में 20 महिलाओं समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है जबकि सुकमा जिले में 14 महिलाओं समेत 21 अन्य नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर यह कदम उठाया है।

50 हजार की सहायता राशि मिलेगी:
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से हर एक को तत्काल 50000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई और सरकार की नीति के अनुसार उनका आगे पुनर्वास किया जाएगा। सुंदरराज ने कहा कि सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा शिविरों की स्थापना, बेहतर सड़क संपर्क, लगातार सफल नक्सल-विरोधी अभियानों और सरकार की विकास योजनाओं की प्रभावी पहुंच के कारण माओवादियों का आधार तेजी से सिकुड़ रहा है। सुकमा और बीजापुर में नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह घटनाक्रम बस्तर क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।