इंदौर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर में 31 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर रूट में 100 फीट का हिस्सा कान्ह नदी के नीचे से गुजरेगा। पूरे रूट में यही एक हिस्सा होगा, जहां मेट्रो ट्रेन नदी के 50 फीट नीचे से गुजरेगी। इसके लिए काम भी शुरू हो चुका है। शहर के शिवाजी मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे इसकी खुदाई की जा रही है। इस कार्य के लिए मल्टीलेवल पार्किंग के कुछ हिस्से को तोड़ा गया है। इसी भाग से मेट्रो ट्रेन पार होकर राजवाड़ा की तरफ जाएगी। पहले राजवाड़ा पर एक स्टेशन बनना था, लेकिन पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन की आपत्ति के बाद अब मेट्रो स्टेशन सदर बाजार क्षेत्र में बनाया जा रहा है। नदी के नीचे मेट्रो रूट रामबाग ब्रिज से फुट ओवर ब्रिज के बीच से होकर राजवाड़ा क्षेत्र की तरफ जाएगा। एयरपोर्ट वाले हिस्से में भी मेट्रो कंपनी काम शुरू कर सकती है।
29 स्टेशनों का निर्माण जारी:
पहले चरण में 31 किलोमीटर तक के रूट का निर्माण होगा। कुल 29 स्टेशन बनाए जा रहे है।, जिसमें एक सामान्य स्टेशन के निर्माण पर लगभग 58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन 29 स्टेशनों में आठ अंडरग्राउंड स्टेशन भी शामिल हैं, जिनके निर्माण की लागत 150 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी। गांधी नगर डिपो से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो का रूट तैयार हो चुका है।




