शिवपुरी में बिजली गिरी, किसान जिंदा जला

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम) : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से मध्य प्रदेश में ओले, बिजली, बारिश और आंधी का दौर जारी है। बीती रात से मंगलवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में ओले-बारिश का दौर जारी रहा । शिवपुरी में झोपड़ी पर बिजली गिरने से किसान जिंदा जल गया। ग्वालियर और मंदसौर जिले में ओले गिरे, जबकि भोपाल, भिंड, छतरपुर, राजगढ़, आगर-मालवा और गुना में बारिश हुई । इससे पहले सुबह रायसेन में ओस की बूंदें जम गईं। ग्वालियर में ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है । मौसम विभाग ने मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर, रीवा समेत 20 जिलों में मावठा गिरने का अलर्ट जारी किया है। भोपाल और सीहोर में 50 मीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई । यानी, यहां पर 50 मीटर के बाद कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था । दतिया, रायसेन, उज्जैन, मुरैना, देवास, धार, इंदौर, खजुराहो, रीवा, सतना, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, राजगढ़, रतलाम, श्योपुर, शिवपुरी कोहरे के आगोश में रहे। इसके साथ ही मंडला, नौगांव, टीकमगढ़, मलाजखंड भी घने और मध्यम कोहरे का असर दिखा। इस वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं । इधर, रात के तापमान में गिरावट नहीं हुई है। सभी शहरों में पारा 10 डिग्री के पार ही रहा।