आम वायरस भी बन सकता है जानलेवा दिमागी संक्रमण की वजह

0

भोपाल (मध्य स्वणिम): सामान्य समझा जाने वाला एक वायरस भी जानलेवा दिमागी बीमारी का कारण बन सकता है। एम्म भोपाल के शोधकर्ताओं की नई रिसर्च में चौकाने वाला खुलासा हुआ है कि पारवोवायरस B19, जो आमतौर पर हल्का संक्रमण करता है, कुछ दुर्लभ मामलों में दिमाग की गंभीर बीमारी एन्सेफ्लाइटिस पैदा कर सकता है । एन्सेफ्लाइटिस दिमाग में सूजन की खतरनाक बीमारी है, जिसमें तेज बुखार, सिरदर्द, भ्रम, दौरे पड़ना और कई मामलों में स्थायी दिमागी नुकसान या मौत तक हो सकती है।

30 साल की स्टडी, 3 हजार मरीज़ों का डेटा:
इस अध्ययन में पिछले 30 वर्षों में हुई 14 अंतरराष्ट्रीय रिसर्च स्टडीज़ का विश्लेषण किया गया, जिनमें 3,000 से अधिक एन्सेफ्लाइटिस मरीज शामिल थे। रिसर्च में सामने आया कि करीब 100 में से 3 मरीजों में पारवोवायरस B19 पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह संख्या भले कम लगे, लेकिन ऐसे मामलों की अक्सर पहचान नहीं हो पाती ।

बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्यूनिटी वाले ज्यादा खतरे में:
पार्वोवायरस B19 एक आम वायरस है, जिससे अधिकांश लोग जीवन में कभी न कभी संक्रमित होते हैं। हालांकि, बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह वायरस दिमाग को प्रभावित कर सकता है। कई बार डॉक्टरों को एन्सेफलाइटिस की असली वजह पता नहीं चल पाती, जिससे इलाज में देरी हो जाती है।

जांच की सूची में जुड़ सकता है यह वायरस:
एम्स भोपाल के शोधकर्ताओं का कहना है कि जिन मरीजों में एन्सेफलाइटिस का कारण स्पष्ट नहीं होता, वहां पार्वोवायरस B19 की जांच पर भी विचार किया जाना चाहिए। समय पर सही पहचान होने से इलाज बेहतर हो सकता है, मरीज के ठीक होने की संभावना बढ़ेगी और अनावश्यक जांच व लंबे अस्पताल प्रवास से भी बचाव होगा।