भोपाल (मध्य प्रदेश): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी ने 100 गौरव शाली वर्षों की स्मृतियों को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। इस एसोसिएशन ने बंगाली समाज और जबलपुर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षण प्रदान किया है। सिटी बंगाली क्लब में स्वयं नेताजी का आना इस क्षेत्र के लिए गौरवशाली क्षण रहा। सिटी बंगाली क्लब ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। राज्य सरकार, स्कूल एवं उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए सदैव क्लब के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि में बंगाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंकिमचंद्र चटर्जी ने वंदे मातरम् की रचना कर देशवासियों को एक सूत्र में पिरोया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का कलंक मिटा और आज जम्मू- कश्मीर भारत का मोर मुकुट बन रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रकृति में बसंत का मौसम, ऋतुओं का राजा है। उन्होंने शुक्रवार को वसंत पंचमी की बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रसन्नता और गर्व का विषय है कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन कर कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज के माध्यम से भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाई। ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा देकर उन्होंने जनसामान्य को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिद्धि बाला बोस लायब्रेरी एसोसिएशन शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय लोक स्वास्थ्य एवं रसायन मंत्री जे. पी. नड्डा ने बसती पंचमी की बधाई के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें नमन कर कहा कि नेताजी वर्ष 1939 में जबलपुर आए थे। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति स्व. प्रणब मुखर्जी भी सिटी बंगाली क्लब से जुड़े थे। हमें बंगाल और उसके के गर्व को कभी भूलना नहीं चाहिए। देश की आजादी में बंगाल की अहम भूमिका रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संसद में विशेष चर्चा करवाई। राष्ट्रगान जन गण मन को भी पूर्ण सम्मान दिया जा रहा है। दिल्ली में कर्तव्य पथ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित की गई है।
आज मनाया जाएगा राष्ट्रीय बालिका दिवस:
प्रदेश में आज राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावासों में राष्ट्रीय बालिका दिवस विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रदेश में राष्ट्रीय बालिका दिवस को उत्साह पूर्वक मनाने को लेकर राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा समस्त जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।राष्ट्रीय बालिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के अंतर्गत विशेषज्ञों द्वारा बालिकाओं को करियर मार्गदर्शन, डिजिटल कौशल, शिक्षा एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। बाल विवाह, बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों, उनकी रोकथाम के लिए संचालित सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसके साथ ही बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। सरल एवं प्रभावी संदेशों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त बालिकाओं का सम्मानित भी किया जाएगा।




