प्रयागराज: माघ मेले में बसंत पंचमी पर स्नानार्थियों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। पुण्य स्नान के लिए प्रदेश ही नहीं, देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचे। इससे पहले वसंत पंचमी के मौके पर महाकुंभ-2025 के दौरान सर्वाधिक 2.57 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। वहीं, मेला प्रशासन का दावा है कि माघ मेले में वसंत पंचमी पर लगभग 4.00 करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके थे। दूसरी ओर मेले के दौरान स्नान करने वालों की अब तक की संख्या ने कुंभ-2013 के दौरान आए श्रद्धालुओं की कुल संख्या को भी पीछे छोड़ दिया है। कुंभ-2013 में जितने लोगों ने स्नान किया था, उससे काफी ज्यादा लोग माघ मेले के 20 दिनों के दौरान ही संगम में डुबकी लगा चुके हैं। यह आंकड़े मेला प्रशासन के लिए भी ऐतिहासिक माने जा रहे हैं। वहीं, वसंत पंचमी पर गुनगुनी धूप के बीच आस्था का सागर नजर आया। कहीं गाजे-बाजे के साथ संतों का कारवां चलता दिखा तो कहीं भक्ति रस की धारा बहती रही।




