एआई आधारित नवाचारों से किसान और समाज के विभिन्न वर्ग होंगे सशक्त: मुख्यमंत्री

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी उपयोग से किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक दक्षता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा।राज्य सरकार की मंशा है कि एआई को विभिन्न शासकीय डाटाबेस से जोड़कर सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस में NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड के साथ हुई बैठक में यह बात कही। मध्यप्रदेश में एआई और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के विस्तार, नवाचार को प्रोत्साहन देने और संभावित सहयोग के विभिन्न आयामों पर विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अवगत कराया कि मध्यप्रदेश ने भूमि, श्रम और लॉजिस्टिक्स जैसे अपने मजबूत पक्षों का रणनीतिक और प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में तकनीक आधारित विकास को गति दी है। शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल प्लेटफॉर्म और नवाचारों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री और मालदीव के मंत्री मोहम्मद सईद के बीच दावोस में हुई वार्ता:
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम-2026 के अवसर पर दावोस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद से वन-टू-वन चर्चा की। बैठक में पर्यटन को साझा आधार बनाते हुए चिकित्सा, शिक्षा, वन्य जीव संरक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। दावोस में आयोजित इस द्विपक्षीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और मालदीव के बीच कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहाँ परस्पर पूरक क्षमताओं के आधार पर दीर्घकालिक साझेदारी विकसित की जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सा पर्यटन, मत्स्य पालन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, वन्य जीव संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों को सहयोग के प्रमुख आयाम बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की समृद्ध जैव-विविधता, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वन्य जीव अभयारण्य, तेजी से उभरता मेडिकल इन्फॉस्ट्रक्कर और सांस्कृतिक विरासत राज्य को वैश्विक सहयोग के लिए एक सक्षम भागीदार बनाते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पर्यटन आधारित सहयोग से निवेश, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क को मजबूती मिलेगी। मालदीव के आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री मोहम्मद सईद ने पर्यटन को दोनों क्षेत्रों के बीच स्वाभाविक और सशक्त सेतु बताया। उन्होंने कहा कि मालदीव, मध्यप्रदेश के साथ मिलकर पर्यटन, मानव संसाधन विकास और अनुभव साझा करने के अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है।