पुलिस छावनी में तब्दील हुआ भोजशाला मंदिर

0

धार (मध्य स्वर्णिम): आगामी 23 जनवरी से पांच दिवसीय बसंत पंचमी के पर्व की शुरुआत होगी। शुक्रवार होने के कारण शासन-प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली हैं। प्रशासनिक अमले ने विशेष सुरक्षा रणनीति तैयार की है। भोजशाला और उसके आसपास के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, ताकि शांति और व्यवस्था बनी रहे। 22 आईपीएस अधिकारी लॉ एंड ऑर्डर संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी पुलिस अधिकारी धार पहुंच चुके हैं, पुलिसकर्मियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसको ध्यान में रखते हुए चार पहिया वाहन सहित बसें 500 अधिग्रहित की जा चुकी है। भोजशाला के मुख्य द्वार पर सीआरपीएफ की कंपनियों को तैनात किया जाएगा। कंपनी की आठ यूनिट धार पहुंच चुकी हैं, जिनके साथ अश्वारोही दल की एक टीम भी सुबह से ही मौजूद रहेगी। भोजशाला सहित शहर को 6 सेक्टरों में बांटा गया है। एडीशनल एसपी, डीएसपी रैंक के कुल 65 अधिकारी इन सेक्टरों में प्रभारी के रूप में ड्यूटी करेंगे। नगर के हर चौराहे पर पुलिसबल सुबह 6 बजे से ही तैनात रहेगा। इसके बावजूद अगर किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिलती है, तो महज तीन मिनट में संबंधित इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसबल पहुंच जाएगा। शहर के बाहरी हिस्से में पुलिस मोबाइल वाहन, संकरी गलियों में बाइक पुलिस टीम सहित पैदल जवान सतत निगरानी रखेंगे। शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख नाकों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं।

सीआरपीएफ और आरपीएफ की कंपनियां तैनात:
धार के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिसबल तैनात किया गया है। पिछले कुछ साल में कुक्षी, बाग, दिग्ठान, टांडा, धरमपुरी से लेकर मनावर में कई मर्तबा घटनाएं हो चुकी हैं, ऐसे में शहर के साथ प्रशासन जिले में भी पैनी नजर बनाए रखेगा। जिले के सात अनुभाग में 1200 का बल थानों तक पहुंच चुका है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों से समन्वय बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। मनावर व धरमपुरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में 100 से लेकर 150 का पुलिसबल लॉ-एंड-ऑर्डर के लिए मौजूद रहेगा। धार में टीकमगढ़, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, रीवा, मुरैना, अशोकनगर, सीहोर, सतना, पन्नार, भोपाल, दमोह जैसे जिलों से पुलिस जवान आए हैं।