भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री के दावोस दौरे से पहले मोहन सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने 26 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए। इस नई सूची में कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुख बदले गए हैं। पर्यटन, गृह, स्वास्थ्य और वाणिज्य कर जैसे बड़े विभागों में नए चेहरों की नियुक्ति की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली में बड़े बदलाव की उम्मीद है। प्रमुख विभागों में हुए ये बड़े बदलाव: तबादला सूची में सबसे चर्चित नाम टी इलैयाराजा का है, जिन्हें अब पर्यटन विभाग की कमान सौंपी गई है। वहीं, अब तक पर्यटन और संस्कृति संभाल रहे शिवशेखर शुक्ला को अब अपर मुख्य सचिव, गृह एवं संस्कृति विभाग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ा बदलाव करते हुए एस धनराजू को स्वास्थ्य आयुक्त नियुक्त किया गया है। तरुण राठी को कमिश्नर ट्राइबल बनाया गया है।




