अवैध ‘ड्रग्स फैक्टरी’ पर छापा

0

रतलाम (मध्य स्वर्णिम): जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। जावरा डिवीजन के ग्राम चिकलाना में आधी रात को फिल्मी अंदाज में दी गई दबिश में पुलिस ने एक अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से करीब 15 करोड़ रुपए का माल बरामद किया गया, जिसमें एमडी ड्रग, कैमिकल, चंदन की लकड़ी, बंदूक, कारतूस और दो जिंदा मोर भी जब्त की गई हैं। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा है।रतलाम एसपी अमित कुमार कार्रवाई पर सीधी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जानकारी अनुसार पुलिस की विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से इस संदिग्ध मकान की रेकी कर रही थीं। जब पुख्ता सूचना मिली कि फैक्ट्री के अंदर ‘सफेद जहर’ (MD ड्रग्स) तैयार किया जा रहा है, तो आधी रात को 5 थानों के 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने दो एडिशनल एसपी के नेतृत्व में गांव को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस जब फैक्ट्री के अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। यह सिर्फ ड्रग्स फैक्टरी नहीं, बल्कि अपराध और तस्करी का अड्डा थी।