इंदौर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर में दूषित पानी से 17 लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस नेताओं ने आज भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में बेरिकेडिंग कर दी गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात कर रहा है। इस दल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अमित पटेल, रीना बौरासी सेठिया, चिंटू चौकसे और विपिन वानखेड़े शामिल हैं। पत्रकारों से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि हत्याएं हैं। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। पटवारी ने आरोप लगाया कि अब तक की गई कार्रवाई सिर्फ लीपापोती है।
साफ पानी जनता का हक, हादसे से शहर की छवि को पहुंचा नुकसानः हाईकोर्ट
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने शहर में दूषित पानी से हो रही मौतों और बीमारी के फैलते प्रकोप पर मंगलवार को कड़ा रुख अपनाया है। चार से पांच जनहित याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि स्वच्छ पेयजल जनता का मौलिक अधिकार है।




