भोपाल: विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं समग्र कल्याण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार प्रदेश के सभी पुलिस थानों में साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम का शुभारंभ 21 दिसंबर 2025 से किया जाएगा। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था के मध्य 2 फरवरी 2025 को हुए एमओयू के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पुलिसकर्मियों को नि:शुल्क ध्यान प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल के अंतर्गत प्रदेश के 1000 से अधिक पुलिस थानों (थाना, यातायात, महिला थाना, अजाक, अपराध शाखा सहित) में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। 21 दिसंबर को शुभारंभ के अवसर पर हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों एवं समन्वयकों की उपस्थिति में ऑनलाइन माध्यम से सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी थानों में उपलब्ध पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता करेंगे। प्रत्येक जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को इस कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा प्रत्येक थाने में पुलिस समन्वयक निर्धारित किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रात: 10:00 बजे से 11:15 बजे तक रिलैक्सेशन, गाइडेड ध्यान एवं आत्मावलोकन सत्र आयोजित होंगे। साथ ही हार्टफुलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।




