सूची से बाहर हुए वोटरों को एक और मौका

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अब वार्ड स्तर पर सीधा हस्तक्षेप किया जाएगा। जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हो सकी है और जो नई मतदाता सूची से बाहर होने की कगार पर हैं, उन्हें एक और मौका देने के लिए भोपाल के सभी 85 वार्डों में विशेष मतदाता मैपिंग कैंप लगाए जाएंगे। निर्वाचन आयोग की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार भोपाल जिले की सात विधानसभा सीटों में कुल 21 लाख 25 हजार से अधिक मतदाता दर्ज हैं। इनमें से करीब 79.36 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 20 प्रतिशत से अधिक फॉर्म अब भी पेंडिंग या अनकनेक्टेबल श्रेणी में हैं। यह स्थिति आगामी चुनावों से पहले प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। जिला उप निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता के मुताबिक, जिन मतदाताओं की जानकारी बीएलओ सत्यापन में नहीं मिल पाई या जो अपने पते पर उपलब्ध नहीं थे, वे मैपिंग से बाहर रह गए। अब इन मतदाताओं को वार्ड कैंपों के जरिए सीधे अपनी स्थिति स्पष्ट करने का अवसर मिलेगा। उन्होने बताया कि हर वार्ड में लगाए जाने वाले कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहेंगे।