भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राजधानी भोपाल में आज अत्याधुनिक सेवा है। मेट्रो रेल सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय आवासन एवं कार्य मंत्री मनोहर लाल शाम 4 बजे भोपाल के कुशाभाऊ अंतर्राष्टीय कन्वेंशन सेन्टर में करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल सुभाष मेट्रो स्टेशन पर हरी झण्डी दिखाकर मेट्रो को रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री मेट्रो में सवारी भी करेंगे। दोनों एम्स पहुंचकर प्रेस को संबोधित करेंगे। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे। देश के दिल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को एक और गौरव प्राप्त हो रहा है। भोपाल मेट्रो अत्याधुनिक रेल सेवा है। भोपाल मेट्रो 30.8 किलोमीटर लंबी परियोजना भोपाल के शहरी क्षेत्र को आसान, तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनायेगी। परियोजना में दो कॉरीडोर लाइन और एक डिपो है। भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन 16.74 किलोमीटर और ब्लू लाइन 14.16 किलोमीटर की है। यह परियोजना शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए यातायात के दवाब को कम करेगी और नागरिकों के जीवन स्तर को उन्नत बनायेगी। भोपाल मेट्रो आधुनिक परिवहन प्रणाली के साथ ही शहर की प्रगति का प्रतीक है। स्मार्ट, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देते हुए यह परियोजना आवाजाही को आसान बनाएगी। शुभारंभ के साथ भोपाल एक आधुनिक, हरित और सुलभ राजधानी बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहा है। भोपाल मेट्रो के पहले चरण ऑरेंज लाइन ‘प्रायोरिटी कॉरीडोर’ का शुभारंभ किया जा रहा है। लगभग 7 किलोमीटर के इस खंड में 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं।




