ऑस्ट्रेलिया में त्योहार मना रहे यहूदियों पर आतंकी हमला, 12 लोगों की मौत

0

सिडनी ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर हनुका त्योहार मना रहे यहूदियों पर दो हमलवारों ने फायरिंग की। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 29 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए दोनों हमलावरों को गोली मारी। अधिकारियों के मुताबिक एक हमलावर की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। उन्होंने रेस्त्रां में छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। वॉन ने एक्स पर लिखा- बॉन्डी में एक रेस्टोरेंट के अंदर बंद रहना बहुत डरावना था। अब मैं सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। आतंकियों का सामना करने वाले इमरजेंसी स्टाफ्स का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में नॉर्थ बॉन्डी बीच पर कई लाशें बिखरीं नजर आ रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना को चौंकाने वाला और बहुत दुखद बताया है। एक हमलावर की पहचान नावीद अकरम के रूप में हुई है। उसकी उम्र 24 साल है। वह राजमिस्त्री का काम करता था।

पीएम मोदी ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर हुए भयावह आतंकी हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं। इस हमले में यहूदी त्योहार हनुक्का के पहले दिन का जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया। भारत की ओर से, मैं उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।