नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने और चुनावों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने रविवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में मतदाता सूची सत्यापन को लेकर एक अहम बैठक की। इस बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और आगामी कार्ययोजना पर गहन चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतंत्र की बुनियाद बताते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव तभी संभव हैं, जब हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो। उन्होंने जमीनी स्तर पर सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत करने और किसी भी तरह की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
अभियान को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी:
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, तेलंगाना प्रभारी एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश सहप्रभारी चंदन यादव तथा उषा नायडू मौजूद रहीं।




