नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। ऐसे में जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी की जिम्मेदारी नितिन नबीन ही संभालेंगे। पार्टी की ओर से इस नियुक्ति को बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा की रणनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है। नितिन नबीन पांच बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नबीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं। बता दें कि यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 यानी आज से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में पार्टी की ओर से औपचारिक संगठनात्मक आदेश जारी किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी नितिन नबीन को बधाई:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है।

सीएम ने नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर दी बधाई:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नबीन की अटूट निष्ठा, समर्पण, कार्यकुशलता और व्यापक अनुभव से निश्चित ही संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नबीन ने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के साथ छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है।