राजधानी में एसआईआर के दबाव में बीएलओ बीमार, दो को हार्ट अटैक

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में बढ़ते दबाव और सर्वर समस्या के बीच राजधानी भोपाल में बीएलओ लगातार बीमार पड़ रहे हैं। हालात इतने गंभीर हो गए कि कई बीएलओ को अस्पताल ले जाना पड़ा, वहीं दो को हार्ट अटैक आया। बढ़ते तनाव को देखते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सभी वार्डों में डॉक्टरों की तैनाती के निर्देश दिए, जिसके बाद शहर के विभिन्न सर्किलों में चिकित्सकों को तैनात कर दिया गया है। मतदाता सूची अपडेट करने के दौरान बीएलओ को कई जगहों पर अभद्रता का सामना भी करना पड़ा है। अब तक जिले में 4 बीएलओ और 2 सुपरवाइजर निलंबित हुए, जबकि 9 सुपरवाइजर व 3 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। यह स्थिति बीएलओ के मन में भय और बढ़ा रही है। भोपाल में दो बीएलओ को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आया। बीएलओ कीर्ति कौशल, मतदान केंद्र 45 (दक्षिण-पश्चिम विधानसभा) पर तैनात थीं। अस्पताल में भर्ती कराया गया। टीटी नगर एसडीएम अर्चना शर्मा ने पहुंचकर स्थिति जानी। वहीं बीएलओ मोहम्मद लईक को भी ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आया, उन्हें भी अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके अलावा कई बीएलओ तनाव, थकावट और सर्वर डाउन की वजह से बीमार पड़ रहे हैं। जिले में 2029 बीएलओ की मदद के लिए सहायक बीएलओ भी तैनात किए गए हैं।

10 दिन में पूरा करना चुनौती:
एसआईआर की प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हुई है और एक महीने में पूरा होना है। अब तक केवल 37 प्रतिशत फॉर्म ही डिजिटलाइज्ड हो पाए हैं। लगभग 7.40 लाख फॉर्म ऑनलाइन हो चुके हैं। कुल 63 प्रतिशत काम सिर्फ 10 दिनों में पूरा करना है। काम की इस रफ्तार और सर्वर समस्या के कारण बीएलओ तनाव में हैं। कई बीएलओ का कहना है कि काम समय पर पूरा न होने पर निलंबन का डर बना हुआ है। बीएलओ की बिगड़ती सेहत और मौत के मामलों को ध्यान में रखते हुए तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मांग की है कि एसआईआर ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, बीमार पडऩे पर सरकारी खर्च पर उपचार की व्यवस्था की जाए। संघ ने 2019 के आदेश का हवाला देते हुए यह सुविधा मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगे कर्मचारियों पर भी लागू करने की अपील की है।

बीएलओ के साथ हुई प्रमुख घटनाए:
➤ नारियलखेड़ा में बदमाश ने बीएलओ सौसावा खान से बदसलूकी की।
➤ बागमुगालिया में बीएलओ प्रशांत झा पर हमला।
➤ सेवनिया गौड़ में पूर्व आईपीएस के पालतू कुत्ते ने बीएलओ पुनीत औदिच्य को काटा।
➤ नरेला के छोला क्षेत्र में फॉर्म न मिलने पर बीएलओ से अभद्रता।