शेखर के दोस्तों ने पहले किया हमला, एसडीओपी के बेटे सहित 7 फरार

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): शाहपुरा थाना क्षेत्र की वाइसराय कॉलोनी में 20 नवंबर को हुए विवाद के बाद आरोपियों को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपी करेरा में पदस्थ जिला पंचायत सीईओ संजीत श्रीवास्तव के बेटे शेखर श्रीवास्तव नाम के युवक को पीटने पहुंचे थे। हालांकि शेखर घर पर नहीं मिला, उसने अपने साथी विशाल, आकाश और नवल को कॉल कर कॉलोनी में भेजा। यह तीनों स्कूटी पर सवार होकर कॉलोनी में पहुंचते हैं और हमला करने आए बाहरी युवकों को लाठी और डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर देते हैं। इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। हालांकि शेखर की मां की ओर से शाहपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जिसमें उन्होंने कॉलोनी में हंगामा कर रहे सभी युवकों को उनके घर हमला करने वाला बताया था। हमलावरों में अर्जुन चतुर्वेदी नाम के युवक को स्पॉट पर होना बताया गया, उसकी कार का नंबर एफआईआर में दर्ज कराया गया। जांच में इस बात की पुष्टि भी हुई है कि जिस कार का नंबर एफआईआर में दर्ज कराया गया, वह कार घटना के समय नर्मदा अस्पताल के बाहर सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी में खड़ी थी। असल में शेखर और उसके दोस्तों ने अर्जुन को अरेरा हिल्स इलाके में बेरहमी से पीटा था। उसे जमीन पर गिराकर उसके हाथ पर लातें मारीं, जिससे उसका एक हाथ फेक्कर हो गया था, मारपीट में अर्जुन गंभीर घायल हुआ था। उसके दोस्त उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बात करने के इरादे से शेखर के घर पहुंचे थे। जहां शेखर के दोस्तों और उनके बीच विवाद हुआ।

अर्जुन को शेखर और उसके दोस्तों ने अरेरा हिल्स इलाके में बेरहमी से पीटा था:
अर्जुन के पिता बोले बात करने कॉलोनी गए थे बेटे के दोस्त अर्जुन के पिता विकास चतुर्वेदी ने बताया कि जिस कार का नंबर एफआईआर में शाहपुरा थाने में दर्ज कराया गया, वह कार उनकी पत्नी के नाम रजिस्टर्ड है और वाइसराय कॉलोनी में हुए विवाद के दौरान नर्मदा अस्पताल पर थी। यह सही है कि अर्जुन के दोस्त कॉलोनी पहुंचे थे, लेकिन शेखर के नहीं मिलने की हालत में उन्होंने उसकी मां से सहज तरीके से बात की। बात कर टहलते हुए कॉलोनी से बाहर निकल रहे थे, तभी शेखर के दोस्तों ने पहले हमला किया, यह वीडियो में दिख भी रहा है।