तीन राज्यों के संयुक्त ऑपरेशन को लीड कर रहे बालाघाट हॉकफोर्स निरीक्षक शहीद

0

बालाघाट: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्य की सीमा पर बुधवार की अलसुबह मध्यप्रदेश के स्पेशल नक्सल विरोधी हॉक फोर्स व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना में तीन राज्यों के ऑपरेशन को लीड कर रहे बालाघाट के हॉकफोर्स निरीक्षक आशीष शर्मा शहीद हो गए। घटना में शहीद हुए निरीक्षक आशीष शर्मा को दो बार वीरता पदक मिल चुका है। वे वर्ष 2016 में उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुए थे। फरवरी 2025 में बालाघाट में तीन इनामी महिला नक्सलियों को मार गिराने वाली टीम के वे अहम हिस्सा थे। निरीक्षक शर्मा के शहीद होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी श्रद्धाजंलि अर्पित की है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के कोहापानी के पास जंगल में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के जवान संयुक्त ऑपरेशन कर रहे थे। इस ऑपरेशन में महाराष्ट्र राज्य के जवान भी शामिल थे। इन तीनों ही राज्यों के संयुक्त ऑपरेशन को हॉकफोर्स निरीक्षक आशीष शर्मा लीड कर रहे थे। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने जवानों को देखकर फायरिंग कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से एक्सचेंज ऑफ फायर हुआ। इस फायरिंग में निरीक्षक आशीष शर्मा गोली लगने से घायल हो गए।

माडवी हिड़मा के बाद नक्सलियों का टॉप लीडर देवजी भी ढेर !
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पिछले दिनों खूंखार नक्सली माडवी हिड़मा को मारने के बाद बुधवार को नक्सलियों के टॉप लीडर देवजी को भी ढेर करने की खबर है। चर्चा है कि छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ में पोलित ब्यूरो मेंबर और नक्सल महासचिव देवजी समेत कुल सात नक्सली मारे गये हैं। इनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल 4 नक्सलियों की पहचान हो चुकी है। बाकी की भी शिनाख्ती जारी है। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ भी उसी जगह पर हुई है, जहां मंगलवार को सुरक्षाबलों ने खूंखार नक्सली कमांडर माडवी हिड़मा को ढेर किया था।