आसियान के देश आज से तलाशेंगे निवेश संभावना

0

भोपाल: आज से 20 नवंबर तक दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के सामूहिक संगठन आसियान के शीर्ष राजनयिकों की मेजबानी करेगा। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक, आर्थिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेगा। इस दौरे के माध्यम से प्रदेश और आसियान देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और निवेश सहयोग को और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य 18 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। बैठक में मध्यप्रदेश की निवेश नीति, उद्योग विस्तार की संभावनाएं तथा आईटी, निर्माण क्षेत्र, कृषि-प्रसंस्करण, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा में साझेदारी बढ़ाने पर बात की जाएगी। शाम को राज्य सरकार द्वारा आयोजित रात्रिभोज में दोनों पक्ष आर्थिक सहयोग की आगे की कार्ययोजना पर विचार करेंगे। 19 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल मांगूभाई पटेल से शिष्टाचार भेंट करेगा। इसके पश्चात होटल कोर्टयार्ड मैरियट में ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, वाणिज्य मंडल और निवेशक शामिल होंगे। सेमिनार में राज्य के औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और निवेश-अनुकूल नीतियों की विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल 19 नवंबर को सांची स्तूप और भीमबेटका का भ्रमण कर प्रदेश की ऐतिहासिक, पुरातात्विक और बौद्ध विरासत को करीब से देखेगा। 20 नवंबर को विदेशी अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करेंगे, जहां उन्हें मध्यप्रदेश की जनजातीय लोक संस्कृति और पारंपरिक जीवन शैली का अनुभव मिलेगा।