कांग्रेस ने हर बार बिहार का अपमान किया: मुख्यमंत्री

0

भोपाल: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को गया में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिला, कांग्रेस और विपक्ष ने बिहार का अपमान किया। डॉ. यादव ने गया के हरिदास सेमिनरी स्कूल ऑडिटोरियम में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की कांग्रेस और आज की राहुल गांधी की कांग्रेस में जमीन-आसमान का फर्क है। राहुल गांधी न भाषा का ध्यान रखते हैं, न व्यवहार का। वे देश-विदेश में भारत का अपमान करते हैं। जब सेना दुश्मनों को घर में घुसकर मारती है, तो वह सबूत मांगते हैं। ऐसा बोलने वाले को बिहार की जनता करारा जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बिहार को छोटा मोटा राज्य कहकर अपमानित किया। यही नहीं आम आदमी पार्टी और ममता बनर्जी जैसे उनके साथी दल भी बिहार के लोगों को नीचा दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए की एकजुट ताकत इन सबकी ईंट से ईंट बजा देगी। डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए शासन में बिहार ने चहुंमुखी विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। राज्य में पलायन कम हुआ है और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार और मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक रिश्ता है। सम्राट अशोक उज्जैन से यहां आए थे, और मेरी कुलदेवी बराह माता भी यहीं हैं। सनातन संस्कृति में गया का विशेष महत्व है। उज्जैन में बने भव्य महाकाल लोक की तरह गया में भी एक भव्य लोक बनना चाहिए।