भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश का उदर-पोषण करने वाले अन्नदाताओं की खुशहाली में ही हम सबकी खुशहाली है। अन्नदाताओं की आर्थिक मजबूती ही देश और प्रदेश के विकास और समृद्धि का आधार है। हमारी सरकार ने किसानों के सभी हितों का विशेष ध्यान रखा है। हमारी विकास नीतियों के मूल में किसान ही हैं। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के लिए हम मिशन मोड में आगे बढ़े हैं। किसानों को उनके हर वाजिब हक के साथ-साथ हमारी सरकार किसान सम्मान निधि भी दे रही है। यह निधि किसानों के प्रति हमारे सम्मान की अभिव्यक्ति है। किसानों के कल्याण और इनकी समृद्धि के लिए हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बालाघाट जिले के कटंगी तहसील मुख्यालय में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के 6 लाख 69 हजार 272 धान उत्पादक किसानों के खाते में 337 करोड़ 12 लाख रुपये की प्रोत्साहन (बोनस) राशि सिंगल क्लिक से उनके बैंक खातों में अंतरित की। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जित करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 4 हजार अधिकतम 10 हजार रुपये की बोनस राशि देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले में करीब 245 करोड़ रुपये की लागत वाले 78 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इसमें 39 करोड़ रुपये लागत से बालाघाट में सरेखा आर.ओ.बी. एवं परसवाड़ा में 31 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण भी शामिल है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आज प्रदेश भर में आयोजित होंगे कार्यक्रम:
भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सिंतबर को प्रदेश के सभी बूथों पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि व प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मनाई जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरूवार को प्रात: 10:30 बजे पं. दीनदयाल की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। गुरूवार को प्रदेश के सभी बूथों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को चित्र पर पुष्पांजलि व प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही हर बूथ पर वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम होंगे। 25 सितंबर को प्रात: 08 बजे मध्यप्रदेश में एक साथ, एक दिन, एक समय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।




