इंदौर (मध्य स्वर्णिम): एमवाय अस्पताल का चूहा कांड एमवाय प्रशासन के लिए सिरदर्द बना है। अब इंदौर एयरपोर्ट पर चूहा काटने की घटना सामने आई है। इंडिगो की फ्लाईट का टिकिट लेकर यात्री अरुण मोदी इंदौर एयरपोर्ट पर अपनी पत्नी के साथ गए थे। उड़ान में समय था, इसलिए वे कुछ देर के लिए पैसेंजर ब्लॉक में बैठ गए। इस बीच एक चूहा कहीं से आया और उनकी पेंट में घुस गया। उन्होंने चूहे को पकड़ा तो उसने घुटने के ऊपर काट लिया। मोदी को अपनी पेंट उतरना पड़ी, तब जाकर चूहे को बाहर निकाला जा सका। सबसे बड़ी बात यह रही कि एयरपोर्ट पर ऐसी आपात स्थिति के लिए कोई मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं थी। मजबूरी में यात्री को बेंगलुरु पहुंचने के बाद रेबीज का इंजेक्शन लगवाना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, भोपाल निवासी अरुण मोदी अपनी पत्नी के साथ इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से बेंगलुरु जा रहे थे। फ्लाइट का समय दोपहर 3 बजकर 5 मिनट का था और वे करीब 1 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। चेक-इन और सिक्योरिटी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों डिपार्चर हॉल के ग्राउंड फ्लोर पर बैठकर फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अरुण मोदी के पेंट में अचानक चूहा घुस गया। हड़बड़ाए अरुण ने चूहे को बाहर से पकड़ने की कोशिश की, तभी उसने काट लिया। यात्री ने तत्काल पैंट उतारकर चूहे को बाहर निकाला। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट स्टाफ मौके पर पहुंचा और अरुण को मेडिकल रूम ले जाया गया लेकिन मेडिकल रूम में न तो रेबीज का इंजेक्शन था और न ही टिटनेस का। नाराजगी जताने के बाद एयरपोर्ट मैनेजर के हस्तक्षेप से टिटनेस का इंजेक्शन बड़ी मुश्किल से लगाया गया।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा:
इंदौर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा है, लेकिन उस हिसाब से व्यवस्था पुख्ता नहीं है। परिसर में अक्सर कुत्ते भी घूमते नजर आते हैं। चूहों के दिखाई देने की शिकायतें भी अक्सर सामने आती है। कुछ यात्रियों ने फूड काउंटर के पास चूहों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। इसके अलावा मच्छर, कॉकरोच और आवारा कुत्तों को लेकर भी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। तीन दिन पहले ही एयरपोर्ट वॉशरूम की गंदगी के फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद सफाई करवाई गई थी।