नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत के बाद केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बड़े नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस चुनाव में एबीवीपी के आर्यन मान ने अध्यक्ष पद जीता, कुणाल चौधरी ने सचिव पद जीता और दीपिका झा संयुक्त सचिव चुनी गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की प्रचंड जीत पर परिषद के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, यह जीत युवाओं की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है। इस विजय से परिषद की छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने की यात्रा को और अधिक गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी एबीवीपी की विजय पर युवा साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए एबीवीपी ने सदैव युवाओं को राष्ट्रवाद और निस्वार्थ सेवा की भावना से प्रेरित किया है।