भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भोपाल नगर निगम के तुलसी नगर में निर्माणाधीन नया भवन बनकर तैयार है। फिनिशिंग का अंतिम दौर चल रहा है। अक्टूबर माह में इसे शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर लगातार नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण और महापौर मालती राय निरीक्षण करने पहुंच रहीं है। जानकारी के लिए बता दे की पहले इस माह ही शिफ्टिंग की तैयारी थी, लेकिन फिनिशिंग का कुछ काम बाकी रहने की वजह से डेट बढ़ा दी गई है। बतादें कि नगर निगम का नया मुख्यालय बनाने के लिए 22 करोड़ 57 लाख 95 हजार 423 रुपए का अनुमानित खर्च आंका गया था। लेकिन यह राशि बढ़ती गई और करीब 39 करोड़ 91 लाख 35 हजार 47 रुपए की लागत से यह भवन तैयार किया गया है। बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के अलावा 8 मंजिल का यह भवन बनकर तैयार है। इसमें सदर मंजिल जैसे 3 ब्लॉक बनाए गए हैं। मुख्य भवन के बीच में ओपन स्पेस है, जिसमें फव्वारा लग रहा है। बीच वाली 8 मंजिला बिल्डिंग 27 मीटर की है व आसपास के दोनों ब्लॉक 4 मंजिला यानी 12 मीटर के तैयार हुए हैं।
अभी 10 जगहों पर बंटा है नगर निगम मुख्यालय:
गौरतलब है कि मुख्यालय अभी 10 जगहों पर बंटा है। माता मंदिर, पीएचई दफ्तर, लिंक रोड नंबर 3, आईएसबीटी, न्यू मार्केट, आचार्य नरेंद्रदेव पुस्तकालय, श्यामला हिल्स, शाहपुरा व पुराने शहर के फतेहगढ़ के 4 भवन में निगम के दफ्तर लगते हैं। लोगों को काम के लिए इन भवनों के चक्कर काटना पड़ते हैं। जबकि नगर निगम भोपाल स्थापना के समय से ही सदर मंजिल में था। 2015 में इसे खाली कर दिया गया। अक्टूबर में लोकार्पण करने की तैयारी महापौर मालती राय ने कहा है कि मुख्यालय बनकर तैयार हो गया है फिनिशिंग का काम चल रहा है जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। अक्टूबर माह में मुख्यालय का शुभारंभ करने की तैयारी की जा रही है।